Ads Area

प्रत्याशी बगैर BJP का चल रहा है होमवर्क।

प्रत्याशी बगैर BJP का चल रहा है होमवर्क।


बूथ से लेकर सभी स्तरों पर वर्कर्स डटे, बड़े नेताओं की बराबर हो रही इंट्री। 


सुल्तानपुर सांसद मेनका गांधी भाजपा की वेटिंग लिस्ट में हैं। दूसरा कंडीडेट कौन और कब आएगा ये जिला स्तरीय बीजेपी बॉडी को भी पता नहीं। लेकिन लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी का होमवर्क प्रतिदिन जारी है। जहां बूथ स्तर के वर्कर क्षेत्र में डटे हैं वही बड़े नेताओं की जिले में बराबर इंट्री हो रही है। 



योगी सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने हाल ही में नगर क्षेत्र में भाजपा के लोकसभा कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ कर दिया है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी सुल्तानपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मीटिंग करके वापस दिल्ली लौट चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, बीजेपी सांसद अमर पाल मौर्या, किसान मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री अर्चना शुक्ला आदि ने यहां पर जमीनी स्तर पर काम करना शुरू कर दिया है। यही नहीं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा के साथ भाजपा के विधायक क्षेत्र में भ्रमण पर भ्रमण कर रहे हैं। 



किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अरुण जायसवाल की माने तो 12 फरवरी से एक माह तक ग्राम परिक्रमा यात्रा निकालकर कार्यकर्ता 710 गांवों में जाकर किसानों को सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी दे चुके हैं। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा भी इस बार एक्टिव किया गया है। दो दिन पूर्व ही उसने नगर में बाइक रैली निकालकर अल्पसंख्क वोटों को भाजपा के पाले में लाने की कवायद किया है। 


बता दें कि राम मंदिर लहर के बाद करीब बीस साल गुज़र जाने के बाद वर्ष 2014 से सुल्तानपुर सीट भाजपा के पास है। पहले वरुण गांधी और 2019 में मेनका गांधी ने यहां से भाजपा का कमल खिलाया था। भाजपा किसी सूरत ये सीट हाथ से नहीं निकलने देना चाह रही। लेकिन जिस प्रकार से मेनका गांधी के टिकट को लेकर ऊहापोह की स्थिति है उससे भाजपा को नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।



रिपोर्ट/सरफराज अहमद 

Top Post Ad

Below Post Ad